जमशेदपुर/बहरागोड़ा:
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित साकरा गांव में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए। घटना दोपहर लगभग 1:45 बजे की बताई जा रही है, जब पांच नकाबपोश अपराधी बैंक में घुसे और देसी कट्टा के बल पर कर्मचारियों व ग्राहकों को बंधक बना लिया।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने बैंक में प्रवेश करते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया। इसके बाद उन्होंने कैश काउंटर से लाखों रुपये लूट लिए। इस दौरान बैंक के सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से चेन और हाथ की अंगूठी भी छीन ली गई।
लूटपाट को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे को बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया और फरार हो गए, जिससे बैंक के अंदर मौजूद कर्मचारी और ग्राहक फंस गए। बाद में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बहरागोड़ा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कटर से मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर फंसे कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि उस समय बैंक के अंदर करीब छह से अधिक लोग बंधक बने हुए थे।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।



