सरायकेला समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार, विभिन्न समस्याओं पर उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

img 20260310 wa0048

सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई की गई। जनता दरबार में पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सरायकेला अंचल क्षेत्र में गलत रकबा दर्ज होने के कारण पिछले दो वर्षों से लंबित म्यूटेशन से जुड़ी शिकायत सामने आई। इसके अलावा बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में हाटिया बाजार नहीं लगाने तथा खेल गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए बाजार को अन्य निर्धारित स्थानों और मार्गों में सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर आवेदन दिया गया। स्टेडियम में लगी लाइटों की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई।
इसी तरह चांडिल प्रखंड के टुईडूंगरी गांव से भी एक मामला सामने आया, जिसमें ग्राम सभा द्वारा चयनित ग्राम प्रधान के स्थान पर पारंपरिक अधिकार के तहत पिता के निधन के बाद उनके पुत्र को ग्राम प्रधान के रूप में मान्यता देने की मांग की गई।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

1001074765

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *