जमशेदपुर। कदमा के शास्त्रीनगर इलाके में 18 अगस्त की रात नदी के तेज बहाव में बहने वाले 28 वर्षीय टीपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। दो दिनों तक तलाश के बाद परिजनों ने भाटिया बस्ती के पास नदी किनारे झाड़ियों से टीपू का शव खोज निकाला।
परिजनों के अनुसार, टीपू के नदी में बहने के बाद से ही परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण उन्हें खुद ही नदी और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाना पड़ा।
गुरुवार सुबह भी परिजन टीपू की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान भाटिया बस्ती के पास नदी किनारे झाड़ियों में उन्हें टीपू का शव दिखाई दिया। इसके बाद करीब सुबह 8 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
घटना के बाद परिवार में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते पर्याप्त मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें स्वयं टीपू की तलाश करनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

