जमशेदपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दोपहर करीब 1:30 बजे की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम थाना प्रभारी को पूछताछ के लिए जमशेदपुर लेकर आई।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बंदगांव थाना में दर्ज एक मामले में मदद करने के नाम पर उससे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि रिश्वत की मांग स्वयं थाना प्रभारी मनीष कुमार ने की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
गुरुवार दोपहर शिकायतकर्ता ने जैसे ही थाना प्रभारी को 15 हजार रुपये रिश्वत की रकम दी, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने मनीष कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें जमशेदपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने भी एसीबी की कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्हें कार्रवाई की जानकारी मिली है। मामले में विभागीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसीबी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

1001461374

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!