आदित्यपुर/गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को किराये के मकान से 35 वर्षीय युवक सपन दास का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, किराये के मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया, जहां सपन दास मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि सपन दास शादीशुदा था। उसकी पत्नी और दो बच्चे जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुईयांडीह में रहते हैं। सपन करीब चार माह पहले गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप किराये के मकान में रहने आया था। वह आरकेएफएल कंपनी में काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह कथित तौर पर यहां एक दूसरी महिला के साथ रह रहा था।
इधर, मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, घटनास्थल से देसी कट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सपन दास की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

