राजनगर प्रखंड का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, बायोमेट्रिक उपस्थिति और राशन वितरण में समयबद्धता के दिए निर्देश

img 20260307 wa0042

उपायुक्त Nitish Kumar Singh ने शनिवार को राजनगर प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय, खाद्यान्न गोदाम, जामबनी लैम्प्स तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी कर्मियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करने तथा कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने राजनगर खाद्यान्न गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम प्रबंधक को निर्देश दिया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्राप्त खाद्यान्न का निर्धारित समय पर डीलरों के बीच वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण और अभिलेखों के समुचित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
तत्पश्चात उपायुक्त ने जामबनी लैम्प्स (LAMPs) का भी निरीक्षण किया, जहां गोदाम में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध पाया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को खाद्यान्न के भंडारण और वितरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को नियमों के अनुरूप समुचित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और आमजनों को मिलने वाली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

1001066990

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *