सरायकेला, 4 अप्रैल 2026:
सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत गृह रक्षक (होमगार्ड) के नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में सरायकेला प्रखंड के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन के दौरान कुल 1315 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 860 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 455 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ में कुल 416 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इनमें 144 पुरुष एवं 272 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से परीक्षा का आयोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने संतोष जताया और आगे की चयन प्रक्रिया भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्ण करने की बात कही।



