जमशेदपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (घटक-III) के अंतर्गत बिरसानगर आवासीय परियोजना में पूर्ण राशि जमा कर चुके लाभुकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिजली मीटर कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) द्वारा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय में विशेष कैंप का आयोजन शुरू किया गया है।
यह कैंप 05 मई 2026 से प्रारंभ किया गया है और तब तक लगातार चलेगा, जब तक सभी पात्र लाभुकों के घरों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं करा दिया जाता। इस पहल से सैकड़ों परिवारों को जल्द ही बिजली सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कैंप के शुभारंभ अवसर पर JBVNL के कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक मौजूद रहे। उनके साथ विभागीय कर्मियों की टीम भी उपस्थित थी। वहीं, JNAC कार्यालय की ओर से तकनीकी विशेषज्ञ आलोक नारायण, रितेश राज और स्मिता श्री ने भी अपनी भागीदारी निभाई।
प्रशासन का कहना है कि इस कैंप के माध्यम से लाभुकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा होगी, जिससे कनेक्शन देने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही उनके घरों में बिजली की सुविधा सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकेगी।



