जमशेदपुर : सत्यम संजीवन ट्रस्ट की ओर से ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी ओम प्रकाश अग्रवाल की पत्नी स्वर्गीय नीतू अग्रवाल की तीसरी पुण्यतिथि साकची स्थित वृद्धाश्रम में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा माता रानी से उन्हें अपने चरणों में स्थान देने की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच भोजन एवं उनकी आवश्यकताओं के अनुसार खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने सभी बुजुर्गों के साथ समय बिताया, जिससे आश्रम का माहौल भावुक और आत्मीय बन गया। सेवा और स्नेह को देखकर कई बुजुर्ग भावुक हो उठे तथा सभी को दिल से आशीर्वाद दिया।
संस्था के अध्यक्ष कंचन सिंह ने कहा कि जो बुजुर्ग अपने परिवार और बच्चों से दूर रहकर जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उन्हें यदि कुछ पल की खुशी और अपनापन दिया जाए तो उनका पूरा दिन बेहतर हो जाता है।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अन्नू चौबे ने कहा कि वह समय-समय पर ऐसे स्थानों पर जाकर बुजुर्गों के बीच समय बिताती हैं, जिससे उन्हें वरिष्ठ नागरिकों के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा देवी, शोभा देवी, अंजू सिंह, मंजू शर्मा, शकुंतला देवी, संगीता श्रीवास्तव, सरोज सिन्हा, सुमित कुमार, स्मिता जी और शंभू सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



