जमशेदपुर, 26 जून 2026: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद ने शुक्रवार को विभिन्न विसर्जन घाटों, जुलूस मार्गों एवं मोहरदा स्थित जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, जल निकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मोहरदा स्थित जल शोधन संयंत्र का भी दौरा किया, जहां जल शोधन प्रक्रिया और शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान शहर में निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता सहित जेएनएसी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को मुहर्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
जेएनएसी ने कहा है कि मुहर्रम के दौरान नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।



