TSDPL में ग्रेड रिवीजन को लेकर बढ़ा विवाद, डेमैग प्लांट में यूनियन पदाधिकारी पर कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप

1001334616

जमशेदपुर: टीएसडीपीएल (TSDPL) में प्रस्तावित ग्रेड रिवीजन के दौरान न्यू सीरीज (N-S ग्रेड) के कर्मचारियों को शामिल नहीं किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर कंपनी के विभिन्न प्लांटों के N-S ग्रेड कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार (27 जून) को डेमैग प्लांट में आयोजित बैठक के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कर्मचारियों का आरोप है कि यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट सच्चिदानंद बैठक के दौरान कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचे और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया।
कर्मचारियों की मांग पर बुलाई गई थी बैठक
जानकारी के अनुसार, इससे पहले बारा प्लांट के N-S ग्रेड कर्मचारियों ने भी ग्रेड रिवीजन से बाहर रखे जाने पर यूनियन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसी क्रम में शनिवार को डेमैग प्लांट के कर्मचारियों के अनुरोध पर ग्रेड कमेटी के सदस्यों को चर्चा के लिए बुलाया गया था।
बैठक में महामंत्री त्रिदेव सिंह, अमन सिंह, उपेंद्र राय तथा डिप्टी प्रेसिडेंट सच्चिदानंद शामिल होने पहुंचे।
आधे घंटे बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैठक की शुरुआत शांतिपूर्ण माहौल में हुई और कर्मचारी अपनी मांगें रख रहे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ समय बाद डिप्टी प्रेसिडेंट सच्चिदानंद पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों के साथ तीखी बहस करते हुए कथित रूप से धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया।
कर्मचारियों के अनुसार, उन्होंने कहा कि N-S ग्रेड कर्मचारियों को ग्रेड रिवीजन में शामिल नहीं किया जाएगा तथा “जो करना है कर लो, कोर्ट में केस कर लो” जैसी बातें भी कहीं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संभाली स्थिति
विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद महामंत्री त्रिदेव सिंह, अमन सिंह और उपेंद्र राय ने हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और आगे किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
कर्मचारियों में नाराजगी
घटना के बाद N-S ग्रेड कर्मचारियों ने यूनियन के रवैये पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ग्रेड रिवीजन में उन्हें शामिल किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
कर्मचारियों ने यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों पर स्पष्ट प्रतिक्रिया देने तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ग्रेड रिवीजन में N-S ग्रेड कर्मचारियों को शामिल किए जाने की मांग भी दोहराई है।

1001334616

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!