समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग, लंबित योजनाओं में तेजी तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

उप विकास आयुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्रीमती रीना हांसदा ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, तथा भवन निर्माण विभाग, लघु सिंचाई प्रमंडल, विशेष प्रमंडल, जिला परिषद, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग सहित विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में जिला परिषद, डीएमएफटी (DMFT) एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, भवन निर्माण, सड़क तथा अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूर्ण किया जाए तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करते हुए आमजनों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षित नहीं है, उनकी नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अपने अधीन संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समय-समय पर समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों एवं निविदा (टेंडर) की शर्तों के अनुरूप ही कार्य निष्पादित कराना सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता की सामग्रियों का उपयोग किया जाए तथा सभी संरचनाएँ स्वीकृत डिजाइन, ड्राइंग एवं प्राक्कलन के अनुरूप निर्मित हों। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित संवेदक एवं उत्तरदायी पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ऐसे संवेदकों की भी समीक्षा की गई जिन्होंने अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया है अथवा बिना किसी वैध कारण के निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब किया है। उप विकास आयुक्त ने संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों को ऐसे संवेदकों के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, निविदा, कार्यारंभ एवं भुगतान से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित निराकरण करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुँच सके।

बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी कार्यान्वयन एजेंसियाँ निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ योजनाओं का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि जिले के समग्र विकास को गति मिल सके तथा आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो।

1001403245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!