जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) के टाटानगर मंडल ने बारीगोड़ा स्थित रेलवे भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने वाले व्यक्ति को भूमि खाली करने का नोटिस जारी किया है।
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य), पूर्व, टाटानगर कार्यालय की ओर से 28 जुलाई 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, एलसी गेट संख्या-138, टाटानगर–गोविंदपुर सेक्शन के समीप रेलवे की भूमि पर अनधिकृत कब्जा किए जाने का उल्लेख किया गया है। यह नोटिस एडीईएन-1, टाटानगर के 25 जुलाई 2026 के पत्र के संदर्भ में जारी किया गया है।
नोटिस में संबंधित व्यक्ति को निर्देश दिया गया है कि वह निर्धारित तिथि तक रेलवे भूमि को खाली कर दे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि उक्त भूमि रेलवे के अत्यावश्यक कार्य के लिए आवश्यक है। यदि तय समय सीमा तक कब्जा नहीं हटाया जाता है, तो रेलवे प्रशासन कानून के प्रावधानों के तहत अनधिकृत निर्माण को बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई करेगा।
इस संबंध में नोटिस की प्रति एडीईएन-1, टाटानगर को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और प्रस्तावित विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से की जा रही है।

