चांडिल। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), पटना की ओर से 17 अगस्त 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग और भारतीय मुद्रा प्रणाली पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन RBI पटना के क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने किया। इस अवसर पर RBI पटना के उप महाप्रबंधक संजीव कुमार, सहायक महाप्रबंधक प्रिया प्रकाश, सरायकेला-खरसावां के LDM बरुण कुमार चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुजीत कुमार अरविंद ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) को ग्रामीण वित्तीय समावेशन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग, बचत और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN और बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें। बैंक अधिकारी बनकर आने वाले फर्जी कॉल और संदेशों से भी सावधान रहने की अपील की गई।
प्रशिक्षण के दौरान RBI अधिकारियों ने इंटरनेट बैंकिंग, NEFT, RTGS, IMPS और UPI समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक भुगतान माध्यमों की जानकारी दी। UPI के जरिए दुकानदारों को भुगतान, पैसे ट्रांसफर करने और उपयोगिता बिल जमा करने जैसे व्यावहारिक उदाहरण भी बताए गए। अधिकारियों ने साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए फर्जी एवं धोखाधड़ी वाले ऑफरों से सतर्क रहने की सलाह दी।
प्रतिभागियों को RBI Retail Direct Scheme के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किया जा सकता है। प्रशिक्षण के बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें RBI के प्रतिनिधियों ने डिजिटल बैंकिंग और सामान्य बैंकिंग जागरूकता से जुड़े प्रतिभागियों के सवालों का समाधान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और डिजिटल भुगतान एवं बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की।

