शिक्षा का उत्थान, शिक्षकों का सम्मान विषय पर होगा आयोजन, चार सत्रों में होगी शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय आगामी 6 सितंबर को जमशेदपुर में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन करेंगे। सेमिनार का मुख्य विषय “शिक्षा का उत्थान, शिक्षकों का सम्मान” रखा गया है। इस संबंध में मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित अपने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कार्यक्रम को लेकर निर्णय लिया गया।
सरयू राय ने बताया कि सेमिनार के दौरान शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम को चार अलग-अलग सत्रों में विभाजित किया गया है। इनमें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा और छात्र आंदोलन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
सेमिनार में झारखंड की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और प्राथमिक शिक्षा की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ छात्र आंदोलनों की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक उपायों और संभावित समाधान पर विशेषज्ञों एवं संबंधित लोगों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा।
सरयू राय ने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा चुनौतियों को समझना और उसके सुधार के लिए ठोस सुझाव सामने लाना है। सेमिनार के बाद झारखंड सरकार को एक ज्ञापन सौंपकर चर्चा में सामने आए सुझावों और सुधार के प्रस्तावों से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में एसपी सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, अमृता मिश्रा, सुधीर सिंह, नीरज सिंह, पवन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

