जमशेदपुर। समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन शिकायत निवारण दिवस में पेयजल, जन्म प्रमाण पत्र, आर्म्स लाइसेंस, नाला एवं जल निकासी, जमीन विवाद, पेंशन, आवास, राशन, बिजली आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, अतिक्रमण, राजस्व एवं दाखिल-खारिज, जाति एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा विद्यालय एवं शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, सरकारी योजनाओं का लाभ, पारिवारिक एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन समेत अन्य जनहित से जुड़े मामलों की भी नागरिकों ने शिकायत की।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा अन्य विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता है, वहां संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई पूरी करें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो।
उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोगों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।

