जमशेदपुर, 7 अगस्त। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने शुक्रवार को संस्थान के चौथे वर्ष (सातवें सेमेस्टर) के धातुकर्म एवं पदार्थ अभियांत्रिकी (Metallurgical and Materials Engineering) विभाग के छात्र मीर हसन तनबीर के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासनिक भवन के समक्ष सायं 5:00 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। छात्र का 2 अगस्त को खरकाई नदी में डूबने से दुखद निधन हो गया था।

श्रद्धांजलि सभा में संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि मीर हसन तनबीर का असमय निधन पूरे संस्थान परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा एनआईटी जमशेदपुर परिवार दिवंगत छात्र के परिजनों के साथ खड़ा है तथा संस्थान परिवार से मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे आकर सहयोग करने का आह्वान किया।

इसी क्रम में निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार के मार्गदर्शन में दिवंगत छात्र के परिवार की आर्थिक सहायता हेतु एक स्वैच्छिक सहयोग अभियान (Fundraising Initiative) प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों से अपनी स्वेच्छा के अनुसार आर्थिक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है। डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) एवं डीन (फैकल्टी वेलफेयर) द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि 14 अगस्त 2026 तक निर्धारित बैंक खाते में सहयोग राशि जमा कर परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान किया जा सकता है। अपील में यह भी कहा गया है कि सहयोग की राशि चाहे जितनी भी हो, वह शोकग्रस्त परिवार के प्रति संवेदना और एकजुटता का महत्वपूर्ण प्रतीक होगी।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में संस्थान परिवार ने दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि एनआईटी जमशेदपुर परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।

1001429398

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!