जमशेदपुर/चक्रधरपुर: नक्सली संगठनों द्वारा मनाए जा रहे “दमन विरोधी सप्ताह” के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने #OperationTrackHawk के तहत विशेष अभियान शुरू किया है।
इस अभियान के तहत 25 जून 2026 से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन और मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के बीच नक्सल प्रभावित रेलखंड में ड्रोन सर्विलांस (हवाई निगरानी) और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। ड्रोन के माध्यम से लगातार हवाई निगरानी के साथ-साथ सुरक्षा बलों द्वारा जमीनी स्तर पर गश्त कर रेलमार्ग पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों, यात्रियों की सुरक्षा तथा रेल अवसंरचना की रक्षा सुनिश्चित करना है। आधुनिक ड्रोन तकनीक और समन्वित सुरक्षा व्यवस्था के जरिए पूरे रेलखंड की निगरानी की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और दक्षिण पूर्व रेलवे प्रशासन ने कहा है कि चक्रधरपुर मंडल में सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं।



