जमशेदपुर, 06 जून: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से पीएम जनमन तथा धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, बहुद्देशीय भवन, सड़क संपर्क पथ, छात्रावास निर्माण, ग्रामीण आवास, नल-जल आपूर्ति, विद्युतीकरण, मत्स्य विभाग की लाभुक आधारित योजनाओं एवं पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों तथा विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को लक्षित कर संचालित योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक शीघ्र पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में छात्र कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता, बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना-मसना स्थलों के संरक्षण एवं विकास तथा वनाधिकार पट्टा वितरण की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

1001291181

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!