जमशेदपुर : बुजुर्गों को समर्पित सामाजिक संस्था जीवन ज्योति ने जमशेदपुर शहर और मानगो क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सीनियर सिटीजन्स एक्टिविटी क्लब’ स्थापित करने की मांग की है। संस्था का कहना है कि ऐसे क्लब के माध्यम से बुजुर्गों को स्वस्थ, सक्रिय और सामाजिक रूप से जुड़ा हुआ जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
इसको लेकर जीवन ज्योति की एक महत्वपूर्ण बैठक मानगो के डिमना स्थित हिल विहार कॉलोनी में उपाध्यक्ष रवि शंकर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही संस्था का प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील, जिला प्रशासन तथा क्षेत्र के सांसद, विधायक और मेयर से मुलाकात कर सीनियर सिटीजन्स एक्टिविटी क्लब के गठन की मांग रखेगा।
स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों पर रहेगा जोर
संस्था के संस्थापक महासचिव मनोज मिश्रा ने कहा कि प्रस्तावित क्लब का उद्देश्य केवल बुजुर्गों के लिए समय बिताने की जगह उपलब्ध कराना नहीं है। यहां स्वास्थ्य, मनोरंजन, मानसिक सक्रियता और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रवि शंकर ने बताया कि क्लब में योग एवं प्राणायाम, ध्यान, हल्की कसरत, स्वास्थ्य जांच और फिजियोथेरेपी जैसी गतिविधियों को शामिल करने की योजना है। इसके अलावा कैरम, शतरंज, ताश, संगीत, भजन, अंताक्षरी, कविता-पाठ, पुस्तक-पठन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
डिजिटल जागरूकता और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी
जीवन ज्योति के उपाध्यक्ष आर.बी. सहाय ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बुजुर्गों को मोबाइल, डिजिटल बैंकिंग और यूपीआई के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी देना भी जरूरी है। क्लब में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम और साइबर ठगी से बचाव से संबंधित जानकारी देने की योजना है।
इसके साथ ही बागवानी, पेंटिंग, हस्तशिल्प और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बुजुर्गों को अपनी रुचियों और प्रतिभाओं से जुड़े रहने का अवसर देने की बात कही गई।
स्वास्थ्य परामर्श से लेकर पिकनिक और भ्रमण तक की योजना
प्रस्तावित क्लब में समय-समय पर डॉक्टरों और विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिए जाने की योजना है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
जन्मदिन और विशेष अवसरों पर सामूहिक आयोजन, पिकनिक, भ्रमण तथा सामाजिक मिलन जैसे कार्यक्रम भी क्लब की गतिविधियों का हिस्सा बनाए जा सकते हैं।
आर.बी. सहाय ने कहा कि ऐसा क्लब बुजुर्गों को अकेलेपन से बाहर निकालकर उन्हें सक्रिय और सामाजिक जीवन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने इसे बुजुर्गों के लिए नई ऊर्जा और नई जिंदगी देने वाली पहल बताया।
बैठक में मनोज मिश्रा, रवि शंकर, आर.बी. सहाय, बी.डी. तिवारी, बी.के. दास, एस.पी. श्रीवास्तव, राधाकांत मिश्रा, प्रोफेसर फणी भूषण महंती, प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार, विजय शर्मा, कीनू बैठा सहित जीवन ज्योति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

