जमशेदपुर: उलिडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित जगदंबा होटल के समीप शर्मा लाइन इलाके में रविवार सुबह चेन छिनतई की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले से करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 9:10 से 9:25 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान कांति देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कांति देवी अपनी छोटी बहू पूजा शर्मा के साथ शर्मा लाइन में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, छिनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है। बताया गया कि पूजा शर्मा लगभग रोज इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को दो युवकों ने अंजाम दिया। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था और वे नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही उलिडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी में जुटी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

