जमशेदपुर: डिमना बस्ती निवासी डिलीवरी बॉय लाल किशोर सिंह ने एमजीएम थाना में शिकायत देकर ग्राहक हिमांशु राज और उसके साथ मौजूद एक युवक पर मारपीट एवं जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, गुरुवार को लाल किशोर सिंह को एमजीएम हॉस्टल के पास रहने वाले हिमांशु राज के नाम का पार्सल डिलीवर करना था। ग्राहक के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर नंबर गलत बताया गया। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने पार्सल को डिलीवरी कार्यालय में जमा कर दिया और अपने अन्य काम के लिए चला गया।
लाल किशोर का आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु राज और उसके साथ मौजूद एक युवक ने उसके साथ मारपीट की। घटना में उसे चोटें आईं। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने डिलीवरी कार्यालय को दी और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचा।
पीड़ित के मुताबिक, अस्पताल में प्राचार्य से मिलने के लिए उसे करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में प्राचार्य डॉ. संजय सिंह से मुलाकात हुई, जहां उसने घटना और अपनी चोटों की जानकारी दी। आरोप है कि इस दौरान उसे मामले में मदद करने में असमर्थता जताते हुए वहां से जाने को कहा गया।
लाल किशोर ने एमजीएम थाना प्रभारी से पूरे मामले की जांच कर हिमांशु राज और उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में डिलीवरी पर रोक
घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने कॉलेज परिसर के अंदर डिलीवरी बॉय के प्रवेश पर रोक लगा दी है। नई व्यवस्था के तहत अब डिलीवरी कर्मी पार्सल लेकर केवल कॉलेज के मुख्य गेट तक ही जा सकेंगे। यह व्यवस्था गुरुवार देर शाम से लागू कर दी गई है।
कॉलेज प्रबंधन के इस फैसले के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को पार्सल मंगाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब छात्रों को अपने पार्सल कॉलेज के मुख्य गेट से ही प्राप्त करने होंगे।

1001461234

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!