सरायकेला-खरसावां। जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी एवं थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने लगभग 500 सीएफटी अवैध पत्थर (गिट्टी) लदा एक हाइवा जब्त किया। जांच के दौरान वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर नीमडीह थाना को अग्रिम कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सौंप दिया गया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ खनिज नियमावली एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक या पुलिस अधिकारियों को दें, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

