जमशेदपुर, 18 अगस्त 2026। शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलभराव और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने व्यापक आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त के निर्देशन में संवेदनशील एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों में विभिन्न टीमों को तैनात कर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
भारी बारिश को देखते हुए निचले इलाकों, नदी-नालों के आसपास और जलजमाव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू टीमों द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ जल निकासी और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर आयुक्त के नेतृत्व में विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी और नगर प्रबंधक प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
पंप सेट और डी-वॉटरिंग मशीन से पानी की निकासी
नगर निकाय की टीमों द्वारा पंप सेट और डी-वॉटरिंग मशीनों की मदद से जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही नालियों और मुख्य जल निकासी मार्गों में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी का सुचारू रूप से निकास हो सके।
सफाईकर्मी और रेस्क्यू टीम अलर्ट मोड पर
आपात स्थिति से निपटने के लिए सफाई कर्मियों, सुपरवाइजरों, अभियंताओं, वाहन चालकों और रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रमुख जलजमाव वाले इलाकों में लगातार निरीक्षण कर स्थिति की निगरानी की जा रही है।
नगर निकाय ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
नगर प्रशासन ने आम लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। नागरिकों से जलजमाव वाले स्थानों और तेज बहाव वाले नालों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं नगर निकाय की टीम को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
इसके अलावा लोगों से नालियों में कचरा नहीं डालने की अपील की गई है। नगर प्रशासन का कहना है कि नालियों में कचरा जमा होने से जल निकासी बाधित हो सकती है और जलजमाव की समस्या गंभीर हो सकती है।
नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत, बचाव एवं जल निकासी कार्यों से जुड़े सभी आवश्यक संसाधनों को सक्रिय रखा गया है।

