जमशेदपुर, 06 जून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध और सफल निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संकलन, नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। ऐसे में पुनरीक्षण कार्य से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संधारण और क्षेत्रीय सत्यापन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों का भ्रमण करें तथा आवश्यकता पड़ने पर नजरी नक्शे में संशोधन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें। अनमैप्ड वोटर लिस्ट की प्रतियां भी बीएलओ को उपलब्ध कराई गईं, जिनमें से एक प्रति मतदान केंद्र पर प्रदर्शित की जाएगी।
कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।



