सरायकेला-खरसावां: कांड्रा थाना क्षेत्र से दो युवकों के लापता होने और गम्हरिया थाना क्षेत्र में उनके शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर राहुल हांसदा और उसके दोस्त तपन प्रधान के शव रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर से बरामद किए गए।
13 अगस्त को तीन युवकों के साथ हुई थी मारपीट
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 13 अगस्त की शाम पिण्ड्राबेड़ा गांव निवासी राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान को धतकीडीह स्कूल के पास मारपीट के बाद एक वाहन से गम्हरिया के सरनामूल ले जाया गया था। वहां भी तीनों के साथ जानलेवा हमला किया गया। इसी दौरान सूरज हांसदा किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा, जबकि राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला।
पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
राहुल हांसदा के पिता रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पिण्ड्राबेड़ा निवासी फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25) को गिरफ्तार किया।
निशानदेही पर जमीन में दफन मिले दोनों शव
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में खुदाई कराई। जमीन के अंदर दफन राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए गए।
शवों की बरामदगी दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ की गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार घटना में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कांड्रा थाना कांड संख्या 20/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
फुलचंद रघुनाथ हांसदा, उम्र 22 वर्ष, पिण्ड्राबेड़ा, थाना कांड्रा
रविन्द्र मार्डी, उम्र 25 वर्ष, पिण्ड्राबेड़ा, थाना कांड्रा
पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

1001468460

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!