सरायकेला में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, बिना चालान बालू ले जा रहा वाहन जब्त, 5 वाहनों से ₹23 हजार जुर्माना वसूला

img 20260625 wa0023

सरायकेला-खरसावां, 25 जून: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त नितिश कुमार के निर्देश पर गुरुवार को जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान किसी भी बालू घाट पर अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि जांच के क्रम में वाहन संख्या JH05AG2259 को बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। टीम ने वाहन को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से आदित्यपुर थाना को सुपुर्द कर दिया। जिला खनन विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके बाद अपराह्न लगभग 4 बजे पाटा टोल प्लाजा पर मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग तथा वैध परिवहन दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर मोटरयान निरीक्षक ने 5 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना मौके पर वसूला।
उपायुक्त नितिश कुमार ने कहा है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रखा जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

1001330465

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!