युवा जनशक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय झा के नेतृत्व में बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला पहुंचकर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में STSC जिला अध्यक्ष बिष्णु बाउरी एवं नगर अध्यक्ष किट्टू दास भी शामिल रहे।
मांग पत्र सौंपने के दौरान संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आमरण अनशन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन ने बताया कि पिछले वर्ष राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सौंदर्यीकरण के नाम पर कई अस्थायी दुकानदारों को हटाया गया था, लेकिन अब तक उनके पुनर्वास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इन दुकानदारों की आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो गई है और कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
मांग पत्र में जागृति मैदान के आसपास अस्थायी दुकानों के लिए व्यवस्थित दुकान निर्माण की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इससे फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी रोजगार मिलेगा, सरकार को राजस्व प्राप्त होगा और पार्किंग समस्या का भी समाधान हो सकेगा।
इसके अलावा सभी 35 वार्डों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, प्रतिदिन डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा 24 घंटे निःशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू करने की मांग उठाई गई। आदित्यपुर में 200 बेड वाले आधुनिक अस्पताल के निर्माण और गरीब परिवारों का निजी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज कराने की भी मांग की गई।
संगठन ने प्रत्येक वार्ड में खेल मैदान उपलब्ध कराने, दिंदली हाट का निर्माण कर अस्थायी सब्जी विक्रेताओं को दुकान देने, नियमित साफ-सफाई, सीवरेज व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
इसके साथ ही निजी स्कूलों में गरीब बच्चों का निःशुल्क दाखिला, मासिक फीस पर नियंत्रण, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर हाई मास्ट लाइट और CCTV कैमरे लगाने, नशाखोरी रोकने के लिए विजिलेंस टीम गठन तथा नगर निगम के ऑडिट को सार्वजनिक करने की मांग की गई।
मांग पत्र में राशन दुकानों में समय पर अनाज वितरण सुनिश्चित करने, हर एक किलोमीटर क्षेत्र में राशन दुकान खोलने, टाउन बस सेवा को सभी जिलों तक विस्तार देने और फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी दुकान उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल रही।



