आदित्यपुर, 21 अगस्त 2026: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कुलूपटांगा बस्ती, रोड नंबर-19 के निवासी लंबे समय से सड़क और नाली की समस्या से परेशान हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र की नालियां गंदगी से पूरी तरह भर चुकी हैं। नाली का पानी निकलकर सड़क पर बहता रहता है, जिससे लोगों को नारकीय परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है। कई गलियों में अब तक सड़क का निर्माण भी नहीं हुआ है।
बस्तीवासियों का आरोप है कि जिंदल कंपनी द्वारा सड़क की तोड़फोड़ किए जाने के बाद आज तक सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने पूर्व में भी कई बार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा है।
इसी क्रम में बस्ती के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक और महापौर संजय सरदार को भी ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पिछले 12 वर्षों के दौरान तीन पार्षदों के कार्यकाल में दिए गए ज्ञापनों के साथ पूर्व एवं वर्तमान पार्षद और आयुक्त को दी गई प्रतिलिपियां भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, महापौर ने फंड की कमी का हवाला देते हुए जल्द समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से आश्वासन सुनते आ रहे हैं और अब सड़क एवं नाली निर्माण का स्थायी समाधान चाहते हैं।
नगर निगम स्तर से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 21 अगस्त को बस्तीवासियों का प्रतिनिधिमंडल सरायकेला समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त सतीश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
बताया गया कि उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश देने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सड़क और नाली की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।
उपायुक्त के आश्वासन के बाद बस्तीवासियों ने धन्यवाद जताया और उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का अब स्थायी समाधान हो सकेगा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में दीपक कुमार, रामनाथ प्रसाद, संजय ठाकुर, विष्णुदेव गिरी और विवेक कुमार सहित अन्य बस्तीवासी शामिल थे।

