आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-18 में वर्षों से जाम पड़ी नालियों की सफाई को लेकर चलाया जा रहा विशेष अभियान अब रफ्तार पकड़ चुका है। निगम प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत लंबे समय से उपेक्षित नालियों की साफ-सफाई की जा रही है, जिससे इलाके में जलजमाव और गंदगी की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के निर्देश पर सफाई कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। सफाईकर्मियों की टीमें लगातार अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर नालियों की सफाई में जुटी हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल पर संतोष जताते हुए कहा कि कई नालियां वर्षों से जाम थीं, जिनकी अब सफाई होते देख राहत मिल रही है। वार्डवासियों के अनुसार, बरसात से पहले यह अभियान बेहद जरूरी था, जिससे जलजमाव की समस्या कम होगी और बीमारियों के फैलने का खतरा भी घटेगा।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि बारिश के मौसम से पहले सभी प्रमुख नालियों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।



