जमशेदपुर: नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के तहत सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान (CLAP) तैयार करने की दिशा में सोमवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) सभागार में फोकस ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने की।
राज्य के 10 नगर निकायों में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए NIT कालीकट (केरल) और नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड के बीच एमओयू किया गया है। यह संस्थान आगामी पांच वर्षों के लिए शहरी आजीविका से संबंधित कार्ययोजना तैयार करेगा।
बैठक में विशेष पदाधिकारी मुकेश कुमार, सीएमएम सलिल तिर्की, जिला उद्योग केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के अधिकारी, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि, टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य, एरिया लेवल फेडरेशन, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा NIT कालीकट की टीम के सदस्य साक्षी, प्रीतेश रंजन और लिखिता सहित कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
600 लोगों का सर्वे पूरा
NIT कालीकट की टीम ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के सहयोग से आवासीय क्षेत्रों, स्लम बस्तियों और व्यावसायिक इलाकों में रहने वाले करीब 600 लोगों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। इस सर्वे के आधार पर शहर के लिए सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।
कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने, कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे व्यवसायियों की पहचान की जाएगी, जिन्हें अपने उत्पादों की बिक्री में कठिनाई होती है, ताकि उन्हें बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जा सके।
नए वेंडिंग जोन बनाने पर चर्चा
बैठक में शहर में नए वेंडिंग जोन विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, जिससे सड़क किनारे दुकान लगाने वाले पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान मिल सके। इससे यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बाजार से जुड़ाव
फोकस ग्रुप डिस्कशन में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। उद्देश्य यह है कि महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को उचित मूल्य मिले और उनकी आय में वृद्धि हो सके।
रोजगार, गरीबी उन्मूलन और आर्थिक समृद्धि पर फोकस
बैठक में शहरी गरीबों, श्रमिकों, स्ट्रीट वेंडर्स, युवाओं, स्थानीय कारीगरों और अन्य कमजोर व्यावसायिक समूहों के लिए रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं से बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही आजीविका से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों का आकलन कर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
फोकस ग्रुप डिस्कशन के दौरान NIT कालीकट की टीम ने विभिन्न हितधारकों के साथ प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श कर सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार करने के लिए आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए।

