सरायकेला-खरसावां। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अवैध पार्किंग के कारण होने वाली सड़क जाम की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार, 18 अगस्त को औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सरायकेला-राजनगर बाईपास मार्ग, कोलाबीरा स्थित RKFL के समीप समेत सरायकेला क्षेत्र के अन्य स्थानों पर नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग की टीम ने विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क नहीं करने की कड़ी हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिले में अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा

