आदित्यपुर: भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच सामाजिक सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया, जब श्याम सखी परिवार (आदित्यपुर) द्वारा राहगीरों और जरूरतमंदों के लिए आम पानी, गुड़ और चना का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस सेवा कार्य में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया और आम पानी का आनंद लेते हुए गर्मी से राहत महसूस की। राहगीरों ने आम पानी को बेहद स्वादिष्ट बताते हुए श्याम सखी परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान “राधे-राधे” और “जय श्री श्याम” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
संगठन की सभी सखियां पूरे उत्साह के साथ आम पानी, गुड़ और चना वितरित कर रही थीं। वहीं, राहगीर, गरीब मजदूर और उनके परिवारजन न केवल वहीं बैठकर आम पानी पी रहे थे, बल्कि अपने बच्चों के लिए बोतलों में भरकर भी ले जाते नजर आए।
इस पुनीत कार्य में नीलम खंडेलवाल, निधि अग्रवाल, मीनू अग्रवाल, उषा अग्रवाल, सुनीता मोदी सहित मारवाड़ी समाज की कई महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
गर्मी के इस कठिन समय में श्याम सखी परिवार की यह पहल समाज सेवा और मानवता की मिसाल बनकर सामने आई है।



