जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जनता दल (यूनाइटेड) की संयुक्त टीम ने कदमा क्षेत्र का भ्रमण किया। यह भ्रमण जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह एवं निर्देश पर किया गया।
संयुक्त टीम ने कदमा के उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव, शास्त्रीनगर समेत विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रभाव क्षेत्र में आने वाले अधूरे और जरूरी जनसुविधा कार्यों को जल्द पूरा करने पर सहमति बनी।
इन कार्यों पर बनी सहमति
भ्रमण के दौरान कदमा के नाना-नानी पार्क का मरम्मतीकरण एवं सौंदर्यीकरण करने का निर्णय लिया गया। वहीं नील सरोवर की सफाई और हेजिंग कार्य कराने पर भी सहमति बनी।
कदमा के चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन का मरम्मतीकरण किया जाएगा। इसके अलावा शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मतीकरण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने का भी निर्णय लिया गया।
रामनगर सात नंबर रोड स्थित रजक समाज भवन के पीछे से पार्क होते हुए नदी की ओर जाने वाले ड्रेन की सफाई और मरम्मतीकरण कराया जाएगा। वहीं रामनगर चौक की सड़क का मरम्मतीकरण करने के साथ यहां यूरीनल निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।
संयुक्त टीम ने साकची स्थित डायमंड शोरूम के पीछे सूख चुके पेड़ को हटाने का भी निर्णय लिया।
6 अगस्त को सौंपा गया था ज्ञापन
गौरतलब है कि 6 अगस्त को सरयू राय के निर्देश पर जदयू के एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था।
ज्ञापन पर वरीय महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के साथ कंपनी की टीम द्वारा क्षेत्र का संयुक्त भ्रमण कर लंबित कार्यों को शुरू कराने की दिशा में पहल करने की बात कही थी। सोमवार का संयुक्त क्षेत्र भ्रमण इसी पहल की कड़ी माना जा रहा है।
मंगलवार को सोनारी का दौरा
सोमवार को कदमा क्षेत्र के भ्रमण के बाद मंगलवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की संयुक्त टीम सोनारी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगी। इस दौरान वहां लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों का जायजा लिया जाएगा।
भ्रमण के दौरान टाटा स्टील यूआईएसएल के सिविल विभाग से दुर्गादास मंडल और रणजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ विभाग से डॉ. आलोक कुमार, हार्टीकल्चर विभाग से शिवेंद्र कुमार समेत बिजली, स्वच्छता एवं पेयजल विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जदयू की ओर से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, रविशंकर सिंह, शेषनाथ पाठक, दिनेश कुमार, देव कुमार, लक्ष्मण ठाकुर, विनोद सिंह, उषा यादव समेत अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

