सरायकेला-खरसावां, 27 जुलाई: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी सहित सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू एवं अन्य चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र लाभुक तक स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित होकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें कैशलेस उपचार का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही टेलीमेडिसिन सेवाओं को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा में उपायुक्त ने संवेदनशील एवं पीवीटीजी बहुल क्षेत्रों में नियमित मास सर्वे, समय पर जांच, उपचार, कीटनाशक छिड़काव तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को मलेरिया से बचाव, मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई और जलजमाव रोकने के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।
समीक्षा बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच, स्टॉक मिलान, सुरक्षित रख-रखाव और समयबद्ध विनष्टीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पतालों में साफ-सफाई, मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जून माह की कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान शून्य कंसल्टेशन दर्ज करने वाले दो चिकित्सकों के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं निर्धारित लक्ष्य से कम कंसल्टेशन करने वाले चिकित्सकों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपायुक्त ने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के प्रत्येक प्रखंड से उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक स्वास्थ्यकर्मी (चिकित्सक, एएनएम, जीएनएम या सहिया) को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से जनसेवा की भावना, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

1001403460

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!