आदित्यपुर, 22 अगस्त 2026:
आदित्यपुर के वार्ड नंबर 32 में राजदेव ठाकुर ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिले 3000 रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज उनके वास्तविक मालिक को लौटा दिए।
जानकारी के अनुसार, रोड नंबर 16 स्थित भवानी हार्डवेयर से आगे मां दुर्गा मेडिकल के पास किसी व्यक्ति के आधार कार्ड, पैन कार्ड, परिवार के सदस्यों के जरूरी दस्तावेज, पोस्ट बैंक का एटीएम कार्ड और 3000 रुपये नकद सड़क पर गिर गए थे। वार्ड 32 निवासी राजदेव ठाकुर को ये सामान मिला। उन्होंने पैसे अपने पास रखने के बजाय सभी दस्तावेज और नकदी सुरक्षित रखकर इसकी सूचना वार्ड पार्षद श्रीमती मालती देवी को दी।
आधार कार्ड पर दर्ज पता पोटका थाना क्षेत्र के कालिकापुर का होने के कारण राजदेव ठाकुर ने पार्षद से सामान को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में मदद का आग्रह किया। इसके बाद पार्षद ने अपने पुत्र विष्णु देव गिरी को इसकी जानकारी दी। विष्णु देव गिरी ने लोगों से पूछताछ करते हुए कालिकापुर के जनप्रतिनिधि धीरेन भकत से संपर्क किया।
धीरेन भकत ने गांव में खोजबीन कर दस्तावेजों के मालिक की पहचान शंकर मुर्मू के रूप में की। इसके बाद उन्हें सूचना देकर उनके खोए हुए सामान को वापस करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शनिवार, 22 अगस्त को सुबह 11 बजे वार्ड पार्षद श्रीमती मालती देवी, गणमान्य व्यक्ति श्याम बिहारी सिंह, सतीश कुमार सिन्हा और सचिंद्र झा की मौजूदगी में राजदेव ठाकुर को सम्मानित किया गया। इस दौरान राजदेव ठाकुर ने गरीब मजदूर शंकर मुर्मू को उनके सभी जरूरी दस्तावेज, एटीएम कार्ड और 3000 रुपये नकद वापस सौंपे।
खोए हुए दस्तावेज और रुपये वापस पाकर शंकर मुर्मू भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आज के समय में इतनी ईमानदारी मिलना मुश्किल है। उन्होंने राजदेव ठाकुर समेत सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि करीब 40 किलोमीटर दूर होने के बावजूद लोगों ने उनका सामान सुरक्षित उन तक पहुंचाया।
इस पूरे नेक कार्य में विष्णु देव गिरी की भी अहम भूमिका रही। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि समाज में ईमानदारी और मानवता आज भी जिंदा है।

1001465726

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!