आदित्यपुर के वार्ड संख्या-26 स्थित बनतानगर इलाके में बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हरेंद्र शर्मा के घर से लेकर दीनू महतो के घर तक फिलहाल बिजली आपूर्ति बांस-बल्ले के सहारे खींचे गए अस्थायी तारों के जरिए की जा रही है, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक साबित हो रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, वर्षा ऋतु के दौरान तेज हवा और बारिश में ये अस्थायी पोल बार-बार गिर जाते हैं, जिससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कई बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर मानव अधिकार सहायता संघ के सत्य प्रकाश राय ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL), आदित्यपुर-1 के कार्यपालक अभियंता से मांग की है कि उक्त क्षेत्र में जल्द से जल्द स्थायी बिजली पोल लगाकर केबलिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
सत्य प्रकाश राय ने उम्मीद जताई है कि विभाग इस मामले को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान होता है तो पूरे बनतानगर के लोग विभाग के प्रति आभारी रहेंगे।



