सरायकेला-खरसावाँ जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे, टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम आयोजित

img 20260404 wa0018

सरायकेला, 4 अप्रैल 2026:
सरायकेला–खरसावाँ जिला के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सरायकेला टाउन हॉल में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, श्री अभिनव प्रकाश के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने जिले की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में जिले के समग्र विकास के लिए सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत ने नागरिकों से अपने क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था विकास की आधारशिला है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में जिले के चौका थाना को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा ने 25 वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन कर भविष्य की दिशा तय करने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण को लेकर भी चर्चा की गई। नई पीढ़ी को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, लोक कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला एवं पुरुषों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विद्यालय स्तरीय रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष श्री सोना राम बोदरा, उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष श्री अविनाश कवि, विधायक प्रतिनिधि श्री सानंद आचार्या, पद्मश्री सम्मानित श्रीमती छूटनी महतो, चामी मुर्मू सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

1001140721

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!