नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर विकास कुमार राय ने क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना था।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों के व्यवस्थित प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम करने को भी कहा गया।
प्रशासन की ओर से एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, खाद्य सामग्री आपूर्ति वाहनों समेत अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि जनसेवा से जुड़ी व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी या अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप ईंधन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



