प्रेम प्रसंग में पत्नी की हत्या: पति और प्रेमिका गिरफ्तार, बेहोशी की दवा देकर रची गई थी साजिश

1001274521

बलिया। जिले के शिवपुर दियर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और बाद में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बहादुरपुर निवासी प्रीति प्रजापति की शादी 6 मार्च 2025 को रेवती निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी। 22 मई 2026 को चुन्नीलाल ने ससुराल पक्ष को सूचना दी कि उसकी पत्नी घर से लापता हो गई है। इसके बाद उसने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
24 मई को शिवपुर दियर क्षेत्र की झाड़ियों से प्रीति का शव बरामद होने के बाद मामला हत्या का निकला। मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने 28 मई को आरोपी प्रेमिका शोभा चौरसिया और पति चुन्नीलाल प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार, शोभा चौरसिया ने प्रीति को घूमाने के बहाने ई-रिक्शा से सुनसान इलाके में ले जाकर पानी में मिलाई गई बेहोशी की दवा पिलाई। बेहोश होने के बाद प्रीति को चुन्नीलाल के साथ बाइक पर बैठाकर झाड़ियों में ले जाया गया, जहां चुन्नीलाल ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने प्रीति के लापता होने की अफवाह फैलाई और दो दिनों तक उसकी तलाश का नाटक करते रहे। बाद में चुन्नीलाल ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के गहने, चूड़ियां, कपड़े, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि प्रेम संबंधों के चलते रची गई इस साजिश को तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उजागर किया गया है।

1001274521

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!