जमशेदपुर: वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए Shrinath University ने Spectrum International University College, मलेशिया के साथ एक प्रतिष्ठित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण और वैश्विक शैक्षणिक विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मलेशिया में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर (इंटरनेशनल अफेयर्स) Dr. J. Rajesh तथा स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज के डिप्टी वाइस चांसलर (एकेडमिक) Prof. Dr. Jamal Zaidi ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीनाथ यूनिवर्सिटी की ओर से इस कार्यक्रम में डॉ. जे. राजेश और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष Shashikant Singh ने भाग लिया। दोनों प्रतिनिधि विशेष रूप से इस समारोह में शामिल होने के लिए जमशेदपुर से मलेशिया पहुंचे थे। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति Sukhdev Mahto ने इस समझौते को संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया।
छात्रों और शिक्षकों को मिलेंगे अंतरराष्ट्रीय अवसर
एमओयू के तहत दोनों संस्थान शैक्षणिक, शोध एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में ग्लोबल इमर्शन प्रोग्राम, फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम, स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम, एक सेमेस्टर के लिए विदेश में अध्ययन, संयुक्त शोध परियोजनाएं, अकादमिक सहयोग तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस साझेदारी से छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली को समझने, विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होने तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा। वहीं शिक्षकों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षण, शोध और ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच प्राप्त होगा।
वैश्विक पहचान को मिलेगी मजबूती
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से श्रीनाथ यूनिवर्सिटी लगातार विश्वस्तरीय संस्थानों के साथ साझेदारी स्थापित कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल, वैश्विक दृष्टिकोण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त हो सके।
इस साझेदारी के तहत भविष्य में संयुक्त सेमिनार, कार्यशालाएं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, शोध प्रकाशन और उद्योग-अकादमिक सहयोग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि स्पेक्ट्रम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी कॉलेज, मलेशिया के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक और सार्थक शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करेगा।



