जमशेदपुर, 6 जून: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त राजीव रंजन ने किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों एवं उत्पादक समूहों द्वारा प्रदर्शित आम की विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने तथा बेहतर गुणवत्ता वाले फल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला स्तर पर किए जा रहे मार्केट लिंकेज प्रयासों से किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है और जिले के आम अन्य जिलों के बाजारों तक भी पहुंच रहे हैं।
उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन के लिए पौध संरक्षण एवं बागवानी से जुड़ी वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लाभुकों, बागवानी सखियों और मनरेगा कर्मियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण देकर वैज्ञानिक बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
महोत्सव में जिले के सभी 11 प्रखंडों के किसानों और जेएसएलपीएस से जुड़े चार किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) ने भाग लिया। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले में पहुंचकर किसानों से सीधे आम की खरीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान कुल 1,074 किलोग्राम आम की बिक्री हुई, जिससे किसानों को ₹53,700 की आय प्राप्त हुई। जिला प्रशासन ने इस आयोजन को किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सफल पहल बताया।



