सरायकेला-खरसावां | 25 अप्रैल 2026:
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने शुक्रवार देर शाम नीमडीह थाना क्षेत्र और चांडिल थाना अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के पास विशेष जांच अभियान चलाया।
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) श्री गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹1,04,650 का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात के वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान में शामिल अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अनधिकृत और अतिरिक्त लाइट्स का इस्तेमाल न करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें। नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही चेतावनी दी गई।
उपायुक्त ने प्रशासन को “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार ऐसे अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग सड़क हादसों की बड़ी वजह है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस अभियान में DTO के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी और सड़क सुरक्षा से जुड़े सदस्य भी मौजूद रहे।

1001191654

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!