सरायकेला-खरसावां, 13 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन टुकड़ियों ने लिया परेड में हिस्सा
फुल ड्रेस परेड में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, गृह रक्षा वाहिनी, एनएपी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), सरायकेला की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं, बैंड दल में KGBV सरायकेला और राजनगर की किशोरियों ने अपनी प्रस्तुति दी।
मौसम को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था के निर्देश
उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सौहार्दपूर्ण और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती एवं अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, वाहन पार्किंग समेत अन्य तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल सभी दलों के प्रयासों की सराहना करते हुए अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ परेड संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी से कदम से कदम मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

