जमशेदपुर। जमशेदपुर में लगातार बढ़ रहे नदी के जलस्तर के बीच बाढ़ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर, जबकि खरकई नदी करीब पांच मीटर ऊपर बह रही है। दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और स्थिति वर्ष 2008 में आई बाढ़ के जलस्तर के करीब पहुंच गई है।
सरयू राय ने शहर के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए उपायुक्त से प्रशासन, मानगो नगर निगम, जेएनएसी और टाटा यूआईएसएल की टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने का आग्रह किया गया है।
उपायुक्त की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि प्रशासन दोपहर तीन बजे से ही अलर्ट मोड में तैनात है और लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए सामुदायिक भवनों और स्कूलों को तैयार रखा जा रहा है।
कदमा, सोनारी और मानगो में राहत कार्य
सरयू राय ने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता और नेता कदमा, सोनारी तथा मानगो के निचले इलाकों में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशासन, जेएनएसी और मानगो नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने को कहा है।
उन्होंने कुँअर बस्ती, श्याम नगर समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान नगर निकायों की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग भी किया गया।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता की अपील
सरयू राय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से तैनात रहने का सुझाव दिया।
उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित इलाकों में ट्रांसफॉर्मर और जंपर की जांच कराने को कहा। साथ ही, सुरक्षा कारणों से किसी इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़े तो वहां हैलोजन या अन्य वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, ताकि रात के समय राहत और बचाव कार्य में परेशानी न हो।

